नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर तीरंदाजी में रचा इतिहास! तोमन कुमार को मिला गोल्ड

नक्सली हमले में बायां पैर गंवाने के बाद भी नहीं मानी हार, एशियन पैरा गेम्स में जीता स्वर्ण; सीएम साय ने दिए 51 लाख रुपये

रायपुर। छत्तीसगढ़ के एक पूर्व जवान ने मुश्किल हालात को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में अपना बायां पैर गंवाने वाले बालोद जिले के तोमन कुमार ने पैरा तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीत लिया। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित करते हुए 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएम साय ने पैरा तीरंदाजी के स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार और पैरा बैडमिंटन के कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को सम्मानित किया। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं टूटा हौसला
तोमन कुमार बालोद जिले के ग्राम नवागांव के निवासी हैं। वह सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा दे रहे थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा। इस कठिन परिस्थिति के बावजूद तोमन ने हार नहीं मानी। उन्होंने वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की। लगातार अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक का सफर तय किया और एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

सीएम साय ने 51 लाख रुपये देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोमन कुमार के साहस और उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस जवान ने खेल के मैदान में भी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

अभिजीत सखूजा ने भी जीता कांस्य पदक
बिलासपुर निवासी पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने खेल के प्रति अपना जुनून बनाए रखा और कड़ी मेहनत से पैरा बैडमिंटन में पहचान बनाई। एशियन पैरा गेम्स 2026 में अभिजीत ने कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री ने उनके लिए 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

खिलाड़ियों की उपलब्धि से युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा की उपलब्धियां संघर्ष और सफलता की ऐसी मिसाल हैं, जिनसे प्रदेश के हजारों युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

Related posts

कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस हादसे में बड़ा खुलासा, ब्रेक फेल होने की वजह आई सामने!

पहले ओवर में ही भारत का बुरा हाल! रोहित, कोहली और अय्यर के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

नन्ही उम्र में बड़ा कमाल! 5 साल के अर्जुन की प्रतिभा ने दुनिया को चौंकाया