Home » Blog » UGC का बड़ा अलर्ट! देशभर के 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी, छात्रों से सतर्क रहने की अपील…

UGC का बड़ा अलर्ट! देशभर के 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी, छात्रों से सतर्क रहने की अपील…

UGC issues major alert! List of 32 fake universities across the country released, urging students to be vigilant.

by desk

नई दिल्ली: देश में उच्च शिक्षा के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने बड़ा कदम उठाया है। UGC ने देशभर में संचालित 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी की है। सरकार ने संसद में भी इसकी जानकारी देते हुए छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से ऐसे संस्थानों में प्रवेश नहीं लेने की अपील की है।

UGC के अनुसार, ये संस्थान बिना किसी वैधानिक मान्यता के स्वयं को विश्वविद्यालय बताकर छात्रों को प्रवेश दे रहे हैं। ऐसे संस्थानों को डिग्री या डिप्लोमा प्रदान करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है, इसलिए यहां से प्राप्त डिग्री मान्य नहीं होगी।

UGC ने बताया कि इन फर्जी विश्वविद्यालयों में सबसे अधिक 12 संस्थान दिल्ली में हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और कुछ अन्य राज्यों में भी ऐसे संस्थान चिन्हित किए गए हैं।

सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से ऐसे संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और छात्रों को जागरूक करने को कहा है। साथ ही UGC ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ संस्थान और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मान्यता प्राप्त होने का झूठा दावा, 100% प्लेसमेंट और गारंटीड डिग्री जैसे भ्रामक विज्ञापनों के जरिए छात्रों को फंसा रहे हैं।

UGC ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि किसी भी कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने से पहले उसकी मान्यता UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य जांच लें। यदि कोई संस्थान UGC की मान्यता सूची में नहीं है, तो वहां प्रवेश लेने से बचें, क्योंकि भविष्य में ऐसी डिग्री नौकरी, उच्च शिक्षा या सरकारी भर्ती में मान्य नहीं होगी।

You may also like