रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रदेश के खेत-खलिहान हमेशा धन-धान्य से परिपूर्ण रहें और किसानों को अच्छी फसल प्राप्त हो।
प्रकृति और गौसेवा के प्रति कृतज्ञता का पर्व है गोवर्धन पूजा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है।
भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और समस्त जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता एवं संरक्षण की सांस्कृतिक चेतना को भी दर्शाती है।
गोवर्धन लीला देती है एकजुटता और सहयोग का संदेश
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें सिखाती है कि मानव जीवन की समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व में निहित है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की कथा संकट के समय एकजुटता, परस्पर सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।
गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने के साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं।
किसानों और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ का हर परिवार सुखी और समृद्ध रहे। किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो तथा प्रदेश निरंतर विकास और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे।