साल 2010 में आई बॉलीवुड फिल्म ‘प्रिंस’ के सुपरहिट गाने ‘तेरे लिए’ में विवेक ओबेरॉय के साथ अपनी अदाओं से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री अरुणा शील्ड्स अचानक पर्दे से गायब हो गईं। पहली ही फिल्म से नेशनल क्रश बनीं अरुणा ने ग्लैमर और स्टारडम से भरी दुनिया को उस वक्त अलविदा कह दिया, जब उनका करियर ढलान पर भी नहीं था। आज वही खूबसूरत हीरोइन संन्यास और अध्यात्म की राह चुन चुकी हैं।
अरुणा शील्ड्स अब प्रामाणिक साइकोथेरेपिस्ट, हिप्नोथेरेपिस्ट और माइंडफुलनेस कोच हैं। बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में सफलता के बाद उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक शांति को अपना जीवन-लक्ष्य बनाया।
ब्रिटेन में जन्मी और पली-बढ़ी अरुणा का बचपन भारत और यूके दोनों जगह बीता। उन्होंने गिल्डहॉल स्कूल ऑफ म्यूजिक एंड ड्रामा से डिस्टिंक्शन हासिल किया और यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से ग्रेजुएशन किया। ‘मिस्ड इंडिया टैलेंट यूके’ का खिताब जीतने के बाद अभिनय करियर शुरू हुआ।
मार्शल आर्ट्स में प्रशिक्षित अरुणा ने ‘प्रिंस’ में कई एक्शन सीन्स खुद किए। इसके बाद फ्रेंच फिल्म ‘एओ: द लास्ट हंटर’ और ब्रिटिश ड्रामा ‘मिस्टर सिंह मिसेज मेहता’ जैसी फिल्मों में काम किया। वह गूगल जिटगाइस्ट (फास्टेस्ट राइजिंग स्टार) बनीं और टाइम्स ऑफ इंडिया के कवर पेज पर भी जगह बनाई।
साल 2011 में करियर के चरम पर अरुणा ने अभिनय से ब्रेक लिया। वह ध्यान की गहरी अवस्थाओं में उतरीं और मानव मनोविज्ञान का अध्ययन शुरू किया। क्लिनिकल हिप्नो-साइकोथेरेपिस्ट और माइंडफुलनेस टीचर के रूप में डिग्री हासिल की। 2015 में उन्होंने ‘रिटर्न टू काम’ नाम से अंतरराष्ट्रीय थेरेपी प्रैक्टिस स्थापित की।
अरुणा एक प्राचीन सिद्ध परंपरा से जुड़ी हैं। सांपों को वह परिवर्तन, चेतना और गुप्त ज्ञान का प्रतीक मानती हैं। उनका पहला अलौकिक अनुभव भी सांप की आंखों में देखने के दौरान हुआ था। वर्तमान में लंदन में रह रहीं अरुणा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान और आंतरिक शांति का मार्गदर्शन दे रही हैं।