महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के तहत महासमुंद जिले में चलाए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम बेलसोंडा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में आत्मीय मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, गर्भवती और शिशुवती माताओं, वृद्धजनों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य महासमुंद श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने की। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती प्रीति धीवर सहित वाणी तिवारी, सुधा साहू, छाया चंद्राकर, दिग्विजय साहू, शुभम बाघ, साजन यादव एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्र की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों, माताओं तथा योजना के हितग्राहियों से संवाद किया।
बच्चों और माताओं के पोषण पर हुई चर्चा
मुख्य अतिथि श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण के साथ-साथ माताओं, बच्चों और ग्रामीण परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव में बच्चों और माताओं की देखभाल के साथ लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने कहा कि आंगन मिलन सेवा से आंगनबाड़ी केंद्रों में आत्मीय वातावरण बन रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिलाओं के कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक होकर उनसे जुड़ने की अपील की।
ग्रामीणों ने की कार्यक्रम की सराहना
कार्यक्रम में शामिल ग्रामीणों ने आंगन मिलन सेवा की सराहना की। ग्रामीणों के अनुसार ऐसे आयोजनों से आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ता है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आसानी से मिलती है। कार्यक्रम का समापन आत्मीय संवाद और सामुदायिक सहभागिता के साथ हुआ।
Read more –रेलवे स्टेशन के पास मिला लावारिस बैग, यातायात पुलिस ने असली मालिक को लौटाया..