Home » Blog » हसदेव को लेकर भाजपा सरकार पर बरसे सुखदेव भगत, बोले- जनता के बजाय किसके हित में काम कर रही सरकार?

हसदेव को लेकर भाजपा सरकार पर बरसे सुखदेव भगत, बोले- जनता के बजाय किसके हित में काम कर रही सरकार?

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने तारा कोल ब्लॉक की मंजूरी पर उठाए सवाल, चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भी साधा निशाना

by desk

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में हसदेव अरण्य की कोयला खदानों को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आम जनता के हितों की अनदेखी कर कॉर्पोरेट घरानों के फायदे के लिए काम कर रही है। राहुल गांधी के ‘लोकतंत्र बचाओ आंदोलन’ के तहत तीन दिवसीय सरगुजा संभाग दौरे पर अंबिकापुर पहुंचे भगत ने बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।

हसदेव में खदानों को मंजूरी पर सरकार को घेरा

सुखदेव भगत ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा कांग्रेस की राजनीतिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने हसदेव क्षेत्र में नई कोयला खदानों को मंजूरी दिए जाने पर सवाल उठाते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के फैसले की याद दिलाई। उनके मुताबिक, तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान विधानसभा में सर्वसम्मति से हसदेव क्षेत्र में नई कोयला खदान नहीं खोलने का संकल्प पारित किया गया था।

भगत ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तारा कोल ब्लॉक को नीलामी प्रक्रिया से बाहर रखने के लिए पत्र भी लिखा था। इसके बावजूद भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस कोल ब्लॉक को मंजूरी कैसे मिली, यह बड़ा सवाल है।

भाजपा सरकार को पासिंग नंबर देने से भी किया इनकार

प्रदेश प्रभारी ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के कामकाज पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार का प्रदर्शन पासिंग नंबर पाने लायक भी नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। भगत ने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने के बजाय बड़े कारोबारी समूहों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए सुखदेव भगत ने चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय केंद्र सरकार के प्रभाव में काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार होता है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में ऐसी स्थिति बन रही है, जहां सरकार ही यह तय करने की कोशिश कर रही है कि कौन वोट दे सकेगा और कौन नहीं।

कांग्रेस की गुटबाजी पर दिया जवाब

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर भगत ने किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है। इसे पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र का हिस्सा बताया।

भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के पुराने विवाद पर बोले

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बीच रहे राजनीतिक मतभेदों को लेकर पूछे गए सवाल पर सुखदेव भगत ने कहा कि अब वे पुरानी बातें हो चुकी हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि हर व्यक्ति को अपनी इच्छा के अनुसार सब कुछ हासिल नहीं होता। उनके इस बयान के साथ ही कांग्रेस की पुरानी अंदरूनी खींचतान का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया।

You may also like