Home » Blog » नक्सलवाद की पहचान से विकास के नए मुकाम तक पहुंचा छत्तीसगढ़, भारत मंडपम में दिखी बदली तस्वीर

नक्सलवाद की पहचान से विकास के नए मुकाम तक पहुंचा छत्तीसगढ़, भारत मंडपम में दिखी बदली तस्वीर

by desk

रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की पहचान अब केवल नक्सलवाद और चुनौतियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककलाओं, पर्यटन और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में अलग पहचान बना रहा है। इसकी झलक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिली। यहां छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं।

**नक्सलवाद से आगे बढ़कर नई पहचान बना रहा छत्तीसगढ़**

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कभी बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, लेकिन अब प्रदेश अपनी जनजातीय विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है। भारत मंडपम में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ का स्वरूप परंपरा और आधुनिकता के संगम को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की लोक संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर है। गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे लोकनृत्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन देश और दुनिया के लोगों को प्रदेश की परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

राज्यपाल ने निवेशकों को दिया छत्तीसगढ़ आने का न्योता

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, उद्योग और प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से प्रदेश में निवेश कर विकास का भागीदार बनने की अपील की।

राज्यपाल ने कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण, महिला स्व-सहायता समूहों और स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ना जरूरी है।

गौर, सुआ और पंथी नृत्य ने बांधा समां

भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य रहे। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने मांदर और ढोल की थाप पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।

गौर नृत्य में बस्तर की जनजातीय परंपराओं की झलक दिखाई दी, जबकि गौरा-गौरी नृत्य ने लोक आस्था को प्रदर्शित किया। भोजली नृत्य में कृषि संस्कृति, राउत नाचा में पारंपरिक लोकजीवन, सुआ नृत्य में महिलाओं की सांस्कृतिक परंपराओं और पंथी नृत्य में आध्यात्मिक विरासत की झलक देखने को मिली। करमा नृत्य ने भी दर्शकों को आकर्षित किया।

छत्तीसगढ़ पवेलियन में दिखी बस्तर से लेकर चांपा तक की पहचान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों की जानकारी ली। इसके साथ ही कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों को भी देखा।

पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके माध्यम से आगंतुकों को बस्तर के प्रसिद्ध जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक के जरिए पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करने के इस प्रयास की सराहना की।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब, श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत मंडपम में आयोजित इस समारोह ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

You may also like