रायपुर, 20 नवंबर 2026। मेहनत और सरकारी योजनाओं का सही लाभ मिले तो गांव में रहकर भी आत्मनिर्भरता की राह बनाई जा सकती है। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के ग्राम मातला निवासी मंगेश पोटाई ने अपनी मेहनत से इसकी मिसाल पेश की है। कभी आर्थिक तंगी के कारण बकरी पालन का व्यवसाय बढ़ाने में परेशानियों का सामना करने वाले मंगेश आज 30 से 35 बकरियों के मालिक हैं। राज्य शासन की बकरी उद्यमिता विकास योजना से मिली 50 हजार रुपये की सहायता ने उनके व्यवसाय को नई दिशा दी है।
आर्थिक तंगी बनी थी रास्ते की बाधा
नारायणपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मातला निवासी मंगेश पोटाई, पिता गिंजरू राम, की शुरुआत से ही बकरी पालन में रुचि थी। वे इसे परिवार की स्थायी आय का साधन बनाना चाहते थे, लेकिन पैसों की कमी के कारण अपने व्यवसाय को आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पशुधन विकास विभाग की राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने पशु चिकित्सालय बेनूर से संपर्क कर योजना के तहत आवेदन किया और 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त की।
30 से 35 बकरियों तक पहुंचा कारोबार
आर्थिक सहायता मिलने के बाद मंगेश ने बकरी पालन को व्यवस्थित व्यवसाय के रूप में विकसित करना शुरू किया। पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बकरियों के संतुलित आहार, साफ-सफाई, उचित आवास और नियमित स्वास्थ्य जांच के बारे में तकनीकी जानकारी दी।
विभाग के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत से उन्होंने धीरे-धीरे पशुधन बढ़ाया। आज उनके पास लगभग 30 से 35 बकरियां हैं। अब तक वे 10 से 12 बकरों का विक्रय कर करीब 35 से 40 हजार रुपये की आमदनी कर चुके हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
अब व्यवसाय को और बढ़ाने की तैयारी
मंगेश पोटाई का कहना है कि बकरी उद्यमिता विकास योजना उनके लिए आर्थिक सहारा बनी है। पहले संसाधनों की कमी के कारण वे बड़े स्तर पर बकरी पालन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन सरकारी सहायता और विभागीय मार्गदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। अब वे बकरियों की संख्या बढ़ाकर व्यवसाय का और विस्तार करना चाहते हैं।
ग्रामीण युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने और पशुपालन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है। नारायणपुर जिले में कलेक्टर के मार्गदर्शन में पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मंगेश पोटाई की सफलता बताती है कि आर्थिक सहायता और सही तकनीकी मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वरोजगार के अच्छे अवसर तैयार किए जा सकते हैं। उनकी उपलब्धि अन्य युवाओं और पशुपालकों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही है।