रायपुर, 20 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले से शैक्षणिक भ्रमण पर राजधानी रायपुर पहुंचे छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
रायगढ़ से आए विद्यार्थियों ने रायपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वित्त मंत्री से मुलाकात की। ओपी चौधरी ने बच्चों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
अपने विद्यार्थी जीवन की यादें कीं साझा
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ के बच्चों से मिलकर उन्हें अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सफलता के लिए मजबूत इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और लगातार प्रयास जरूरी हैं। लक्ष्य स्पष्ट हो तो कठिन परिस्थितियों में भी सफलता का रास्ता निकाला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान प्राप्त ज्ञान, अनुशासन और संस्कार जीवनभर काम आते हैं। बच्चों को हमेशा जिज्ञासु बने रहने और नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित किया।
बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराने पर जोर
ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण और आत्मनिर्भरता का आधार है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी भी मिलती है। विभिन्न संस्थानों को करीब से देखने से उच्च शिक्षा और करियर के नए विकल्पों को समझने में मदद मिलती है।
अंत में वित्त मंत्री ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि रायगढ़ के विद्यार्थी अपनी मेहनत और प्रतिभा से परिवार, जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।