भारत के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ की तर्ज पर पाकिस्तान में भी एक नया शो तैयार किया गया है। इसका नाम ‘पाकिस्तान गॉट लेटेंट’ रखा गया है। 9 नवंबर को शो की घोषणा के बाद से इसके प्रोमो और छोटी-छोटी क्लिप सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं। हालांकि, अब तक इसका कोई पूरा एपिसोड जारी नहीं हुआ है। शो के पैनल में चार चेहरे नजर आएंगे, जिनमें शरहबिल सिद्दीकी, उस्मान मजहर, मुजम्मिल मेसिया और पाकिस्तानी टीवी पर्सनैलिटी मथिरा शामिल हैं। प्रोमो में अदनान शाह टीपू, फिरोज खान और हुमैमा मलिक जैसे कलाकारों की झलक भी दिखाई गई है। 11 नवंबर को कॉमेडियन शकील सिद्दीकी, रऊफ लाला और अभिनेत्री राखी सावंत ने भी शो का प्रचार किया था। हाल ही में जारी एक प्रोमो में मथिरा एक प्रतियोगी की अभद्र भाषा पर आपत्ति जताती नजर आईं।
इस शो की चर्चा के बीच भारत के ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़ा पुराना विवाद भी फिर सामने आ गया है। पिछले साल समय रैना के शो में बतौर मेहमान पहुंचे रणवीर अलाहबादिया ने एक प्रतियोगी के माता-पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारी विरोध हुआ और कई जगह शिकायतें दर्ज कराई गईं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी यूट्यूब को नोटिस भेजा था। विवाद बढ़ने पर संबंधित एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया गया और रणवीर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।
बाद में 7 अप्रैल को समय रैना ने अपना स्टैंडअप वीडियो ‘स्टिल अलाइव’ जारी किया था, जिसे 24 घंटे में 22 मिलियन से अधिक बार देखा गया। इस वीडियो में उन्होंने लेटेंट विवाद और शो की शूटिंग के दौरान हुई घटनाओं पर बात की। समय ने यह भी संकेत दिया था कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का दूसरा सीजन आ सकता है। उन्होंने कहा था कि वह शो वापस लाना चाहते हैं, लेकिन शूटिंग के दौरान दर्शकों के मोबाइल फोन रखवाए जा सकते हैं और इंटरनेट पर इसका अपेक्षाकृत नियंत्रित संस्करण साझा किया जाएगा।