Home » Blog » बिलासपुर: खराब मोबाइल को लेकर नाराज 9वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

बिलासपुर: खराब मोबाइल को लेकर नाराज 9वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

पिता के पैसे मिलने के बाद ठीक कराने की बात कहने के कुछ देर बाद घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

by desk

बिलासपुर में एक दुखद घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा की छात्रा वंशिका पाण्डेय ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा अपने खराब मोबाइल को लेकर परेशान थी। पिता ने पैसे मिलने के बाद मोबाइल ठीक कराने की बात कही थी, जिसके कुछ देर बाद उसने यह कदम उठा लिया।

पुलिस के अनुसार, मगरपारा मरारगली निवासी मनोज कुमार पाण्डेय इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। उनकी बेटी वंशिका अंबेडकर स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उसका मोबाइल खराब हो गया था, जिसे ठीक कराने की उसने अपने पिता से मांग की थी।

1 अगस्त को पिता ने वंशिका से कहा कि काम का पैसा मिलने के बाद मोबाइल ठीक करा देंगे। इसके बाद वह काम पर चले गए। घर में अकेली वंशिका ने कमरे में पंखे से फंदा बनाकर जान दे दी।

कुछ देर बाद उसके चचेरे भाई ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो वंशिका फंदे पर लटकी हुई थी। उसने तुरंत शोर मचाया। परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को नीचे उतारा। उसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

You may also like