Home » Blog » जशपुर: 58 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या का 48 घंटे में खुलासा, बेटा और दो महिलाएं गिरफ्तार

जशपुर: 58 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या का 48 घंटे में खुलासा, बेटा और दो महिलाएं गिरफ्तार

जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग के चलते गला घोंटकर हत्या, शव रेत में दबाया; पुलिस ने तीनों को अरेस्ट किया

by desk

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक 58 वर्षीय महिला हरवाती बाई की नृशंस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। डोकड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के बंदरचुआं रौतियाबस्ती में हुई इस वारदात के सिलसिले में मृतका के बेटे भूषण राम और दो महिलाओं श्यामपति बाई तथा बुढ़मती बाई को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद और भूषण राम का उसकी पड़ोसन श्यामपति बाई के साथ पिछले पांच सालों से चल रहे प्रेम प्रसंग के कारण 24 जुलाई की रात यह हत्याकांड रचा गया। मुख्य आरोपी श्यामपति और उसकी मां बुढ़मती ने हरवाती बाई का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। अगली सुबह जब बेटे को इस वारदात का पता चला, तो आरोपियों ने उसे मुंह बंद रखने की धमकी दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पहले घर के भीतर ही छुपा कर रखा था। जब शव से बदबू आने लगी, तो बेटे भूषण राम ने दोनों आरोपी महिलाओं के साथ मिलकर शव को ले जाकर आंगनबाड़ी क्षेत्र के पास रेत में दबा दिया।

30 जुलाई को बंद मकान से आ रही तेज दुर्गंध के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस, फोरेंसिक टीम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जब तलाशी ली गई, तो महिला का शव बरामद हुआ। अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल न होने के कारण भूषण राम पर पुलिस का संदेह गहराया, जिसके बाद हिरासत में लेने पर उसने पूरी साजिश का सच उगल दिया।

पुलिस ने शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई सभी सामग्रियां बरामद कर ली हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। जशपुर पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।

You may also like