CG Diwali Holidays 2026: 6 से 11 नवंबर तक स्कूलों में अवकाश, जानिए क्या बदला
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए दीपावली अवकाश में संशोधन करते हुए छुट्टियों की अवधि एक दिन बढ़ा दी है। अब प्रदेश के स्कूलों में 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक कुल छह दिन की छुट्टी रहेगी।
विभाग की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित आदेश के अनुसार, यह अवकाश प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों में लागू होगा। इसके साथ ही डीएड, बीएड और एमएड महाविद्यालयों को भी इस आदेश के दायरे में शामिल किया गया है। इस फैसले से विद्यार्थियों और शिक्षकों को दीपावली की तैयारियों के लिए एक अतिरिक्त दिन मिल सकेगा।
पहले 5 दिन की थी छुट्टी, अब 6 दिन का अवकाश
स्कूल शिक्षा विभाग ने इससे पहले 21 सितंबर 2026 को जारी शैक्षणिक कैलेंडर में दीपावली अवकाश 6 नवंबर से 10 नवंबर तक निर्धारित किया था। इसके तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को पांच दिन की छुट्टी मिलनी थी। अब विभाग ने पुराने आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए अवकाश की अंतिम तारीख 10 नवंबर से बढ़ाकर 11 नवंबर कर दी है।
सरकारी और निजी स्कूलों पर भी लागू होगा आदेश
संशोधित आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों के साथ अनुदान प्राप्त और गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों में भी दीपावली की छुट्टियां रहेंगी। इसके अलावा डीएड, बीएड और एमएड महाविद्यालयों में भी छह दिन का अवकाश निर्धारित किया गया है।
विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलेगी राहत
दीपावली प्रदेश के प्रमुख त्योहारों में से एक है। ऐसे में छुट्टियों की अवधि बढ़ने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और उनके परिवारों को त्योहार की तैयारियों, खरीदारी और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। विभाग ने शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए अवकाश में यह बदलाव किया है।