धौलपुर में हत्या के बाद चुनाव पर ब्रेक, बूथ पर पसरा सन्नाटा; जानें पूरा मामला

राजस्थान के धौलपुर जिले की बरौली ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव से पहले हुई हिंसा और युवक की हत्या का असर सोमवार को मतदान पर भी दिखाई दिया। गांव में तनाव और दहशत के चलते सुबह से ही मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह 11 बजे तक एक भी मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा, जिसके कारण मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी। प्रशासन की समझाइश के बाद मृतक पक्ष के लोग मतदान में शामिल होने के लिए सहमत हुए, लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी मतदान शुरू नहीं हो पाया था।

दरअसल, रविवार देर रात सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग में पीतम पुत्र कल्याण की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष का रिंकू घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर आगजनी भी की।

धौलपुर एसपी विकास सांगवान के अनुसार, हत्या के मामले में मुख्य आरोपी रिंकू को डिटेन किया गया है। उसके पैर में चोट लगी है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड तैनात किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अब तक 10 लोगों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।

सोमवार सुबह मृतक पीतम के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद प्रशासन ने मृतक पक्ष के लोगों से बातचीत की और मतदान में भाग लेने के लिए सहमति बनाई। प्रशासन मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने की तैयारी में जुटा रहा।

मृतक पीतम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम खुशीलाल और श्याम सिंह हैं। पीतम अविवाहित था और अपने भाइयों के साथ खेती-बाड़ी करता था। वहीं, घायल रिंकू के भाई की पत्नी रजनी गांव की निवर्तमान सरपंच हैं। इस बार सरपंच पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है और रजनी फिर से चुनाव मैदान में हैं।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात पीतम बाजार से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान सरपंच प्रत्याशी के परिजनों सहित 20 से अधिक लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच फायरिंग हुई और गोली लगने से पीतम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे सरमथुरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद गुस्साए लोगों ने रिंकू पक्ष के घरों पर हमला कर आग लगा दी। इस घटना में रिंकू घायल हो गया। सूचना मिलते ही सरमथुरा सीओ दुलीचंद गुर्जर सहित सरमथुरा, आंगई और नादनपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आग पर काबू पाया और स्थिति संभाली।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विकास सांगवान खुद गांव पहुंचे और सोमवार सुबह करीब 5 बजे तक वहीं कैंप करते रहे। पुलिस की विशेष टीमों ने रातभर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Related posts

16 नवंबर 2026 की टॉप 10 ब्रेकिंग न्यूज़

आलिया के जन्म से पहले सोनी राजदान का चौंकाने वाला खुलासा, एक दिन में पी थीं 100 सिगरेट!

रायपुर रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर बवाल! महिला ने लगाए गंभीर आरोप