रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट बनवाने को लेकर जमकर हंगामा हो गया। रातभर कतार में खड़े रहने के बावजूद कई यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाया। इनमें महिला यात्री गरिमा ध्रुव भी शामिल हैं। उन्होंने आरक्षण केंद्र के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले का वीडियो बनाकर प्रसारित किया है। महिला ने रेलवे के उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
तकनीकी खराबी बताकर नहीं बनाया टिकट
गरिमा ध्रुव के मुताबिक, वह तत्काल टिकट बनवाने के लिए देर रात से ही आरक्षण केंद्र में कतार में लगी थीं। सुबह उन्हें नियमानुसार टोकन नंबर भी जारी किया गया था। आरोप है कि जिस काउंटर पर उनका नंबर आया, वहां तैनात कर्मचारी काउंटर खुलने के निर्धारित समय से महज कुछ मिनट पहले पहुंची। इसके बाद कंप्यूटर चालू करते ही सिस्टम में तकनीकी खराबी होने की बात कहकर टिकट बनाने में असमर्थता जताई गई।
महिला का कहना है कि रातभर इंतजार करने के बाद भी टिकट नहीं मिलने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई और आरक्षण काउंटर के पास हंगामा शुरू हो गया।
दलालों से मिलीभगत का लगाया आरोप
गरिमा ध्रुव ने आरोप लगाया कि सुबह करीब छह बजे के बाद आरक्षण केंद्र में कुछ संदिग्ध लोग पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों ने काउंटर पर मौजूद क्लर्क को पैसे दिए और इशारों में बातचीत की। महिला ने आशंका जताई कि कर्मचारियों और दलालों के बीच मिलीभगत के कारण आम यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए आरक्षण केंद्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पीआरएस कर्मचारियों ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, आरक्षण केंद्र के पीआरएस कर्मचारियों ने महिला के आरोपों को खारिज किया है। कर्मचारियों का कहना है कि गरिमा ध्रुव के नाम पर पहला टोकन जारी हुआ था और उनकी टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी। इसी दौरान कंप्यूटर में अचानक तकनीकी समस्या आ गई, जिसके कारण निर्धारित समय में टिकट नहीं बन सका।
कर्मचारियों के मुताबिक, इस तकनीकी समस्या की जानकारी यात्री को दी गई थी। उनका कहना है कि भारतीय रेलवे में तत्काल टिकट बुकिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन होती है और त्योहारी सीजन में कुछ ही समय में सीटें भर जाती हैं।
यात्रियों की सुविधा पर फिर उठे सवाल
रायपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में हुए इस हंगामे के बाद तत्काल टिकट व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुछ दिन पहले यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए जीएम ने काउंटर बढ़ाने और सुविधाओं में सुधार की बात कही थी। अब यात्रियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कराने की मांग की है।