जशपुर पुलिस कप्तान ने घर पहुंचकर बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र सौंपा, परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा
जशपुर पुलिस ने अपने दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की। 23 सितंबर 2026 को दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की तेरहवीं के अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह उनके गृह ग्राम पहुंचे और उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर नियुक्ति का पत्र सौंपा।
आरक्षक देव नारायण सिंह एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ थे। स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया।
स्वर्गीय देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर तथा एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और जशपुर में सेवाएं दी थीं।
उनके निधन के बाद पुलिस विभाग ने अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया। इसी क्रम में तेरहवीं के दिन पुलिस कप्तान स्वयं उनके परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि कठिन समय में पूरा जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है और भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर यथासंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।