तेलीबांधा इलाके में यातायात पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
रायपुर में अपराध नियंत्रण और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस की QRT टीम ने एक युवक को धारदार हथियारों के साथ पकड़ा। मामला यातायात थाना तेलीबांधा क्षेत्र का है, जहां पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
QRT-2 में तैनात प्रधान आरक्षक हरिवंश कंवर और आरक्षक रज्जाब खान पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू और एक धारदार कड़ा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयकिशन विश्वकर्मा, पिता स्वर्गीय तोखन विश्वकर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी भगत सिंह मंदिर, हसौद, थाना मंदिर हसौद, रायपुर बताया।
यातायात पुलिस ने आरोपी और बरामद हथियारों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना तेलीबांधा के सुपुर्द किया। पुलिस के अनुसार थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 414/26 दर्ज कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध या धारदार हथियार लेकर न चलें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112, नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।