महासमुंद में धान खरीदी का बड़ा अपडेट, जानिए अब तक कितनी हुई खरीदारी

महासमुंद में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 59 मामलों में 6,322 क्विंटल अवैध धान जब्त

महासमुंद, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। महासमुंद जिले में धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले के सभी 202 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। 24 नवंबर तक जिले में कुल 23,807 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। वहीं अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई भी लगातार जारी है।

जिले में पंजीकृत 1 लाख 62 हजार 566 किसानों में से अब तक 5 हजार 871 किसान अपना धान बेच चुके हैं। वहीं 25 नवंबर को धान बेचने के लिए किसानों को कुल 1,785 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकन के माध्यम से आज 8,119 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कलेक्टर स्वयं कर रहे खरीदी केंद्रों का निरीक्षण

कलेक्टर विनय लंगेह के मार्गदर्शन में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। नोडल अधिकारी केंद्रों का दौरा कर खरीदी व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। कलेक्टर भी विभिन्न खरीदी केंद्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जान रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, धान की तौल, बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, टोकन व्यवस्था और खरीदी प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

अवैध धान पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 6,322 क्विंटल जब्त

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही अवैध धान के भंडारण, परिवहन और खपाने पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त जांच टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

अब तक जिले में जब्ती के 59 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें कुल 6,322 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसके अलावा एक राइस मिल का भौतिक सत्यापन भी किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, बीते दो दिनों के भीतर ही जांच दलों ने 1,534 बोरी अवैध धान जब्त किया है। सीमावर्ती क्षेत्रों, चेकपोस्ट, मंडियों, व्यापारियों और संदिग्ध भंडारण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकना और वास्तविक किसानों को योजना का लाभ दिलाना है।

किसानों की सुविधा पर प्रशासन का विशेष ध्यान

जिला प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने, उपज का समय पर उपार्जन करने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों के मैदानी दौरे और खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी के साथ अवैध धान के कारोबार पर भी सख्ती बरती जा रही है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशन में जिले में धान खरीदी प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी व्यवस्था में अनियमितता, अवैध भंडारण या परिवहन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

रायपुर: जशपुर को मिलेंगे पांच बड़े पुल, जानिए कहां होगा निर्माण

सलमान के फार्महाउस पर तान्या को मिला ऐसा तोहफा, आज भी संभालकर रखा है… जानिए पूरा किस्सा

जूडो खेलने गईं महिला खिलाड़ियों को रेलवे में लगा झटका, 4 हजार जुर्माना भरकर लौटीं… अब विवि पर सवाल