सलमान के फार्महाउस पर तान्या को मिला ऐसा तोहफा, आज भी संभालकर रखा है… जानिए पूरा किस्सा

मुंबई। सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में अहम किरदार निभा रहीं अभिनेत्री तान्या देसाई के लिए यह करियर का बड़ा मौका है। एक बातचीत में तान्या ने सलमान के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। उनके मुताबिक, सेट पर सलमान हर कलाकार को सहज महसूस कराते हैं और सबको बराबर सम्मान देते हैं। तान्या ने फिल्म में अपने किरदार, सलमान से मिले तोहफे, अपने अभिनय के सफर और मुंबई के शुरुआती संघर्षों पर भी खुलकर बात की। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

ऑडिशन देकर मिला फिल्म में मौका

तान्या ने बताया कि फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया के साथ वह पहले वेब सीरीज ‘क्रैकडाउन’ में काम कर चुकी हैं, जिसमें उन्होंने गर्भवती महिला का किरदार निभाया था। तभी से वह अपूर्व के संपर्क में थीं। ‘मातृभूमि’ में इसी तरह के किरदार की जरूरत पड़ी तो अपूर्व ने उन्हें ऑडिशन के लिए बुलाया और चयन हो गया। तान्या के मुताबिक, इतनी बड़ी फिल्म में अहम भूमिका मिलना उनके लिए बहुत बड़ी बात है।

आर्मी ऑफिसर की पत्नी की भूमिका

फिल्म में तान्या एक आर्मी ऑफिसर की पत्नी बनी हैं। किरदार के जरिए दिखाया गया है कि सैन्य अधिकारी की पत्नी को किन त्यागों और मुश्किलों से गुजरना पड़ता है। तान्या का कहना है कि उनका किरदार कहानी में काफी अहम है, लेकिन वह इसके बारे में ज्यादा नहीं बताना चाहतीं, ताकि दर्शक फिल्म देखते समय इससे सीधे जुड़ सकें।

रीडिंग के दिन से ही बदल गया था माहौल

सलमान से तान्या की पहली मुलाकात महबूब स्टूडियो में फिल्म की रीडिंग के दौरान हुई। उनके मुताबिक, सलमान के आते ही माहौल बदल गया और उन्होंने सभी कलाकारों से बड़ी गर्मजोशी से मुलाकात की। शूटिंग के दौरान सलमान के घर से सेट पर करीब 100 से 150 लोगों का खाना आता था और वह खुद सबको लंच के लिए बुलाते थे।

अस्पताल के गंभीर सीन में हंसी बिखेरते रहे सलमान

तान्या ने सेट का एक किस्सा याद करते हुए बताया कि अस्पताल का एक सीन शूट हो रहा था और माहौल गंभीर था। सलमान बीच-बीच में आकर मजाक करके सबको हंसाते रहे। तान्या के अनुसार, उन दिनों सलमान के सिर पर चोट लगी हुई थी, इसके बावजूद वह पूरे सेट का मूड हल्का रखते थे।

प्रोड्यूसर के तौर पर भी बेहतरीन अनुभव

तान्या का कहना है कि सलमान खान फिल्म्स (एसकेएफ) की फिल्म में खाने से लेकर मेकअप और बाकी सुविधाओं तक सब कुछ व्यवस्थित रहता है। फिल्म के एक गाने की शूटिंग सलमान के फार्महाउस पर हुई थी। शूटिंग पूरी होने के बाद उन्होंने कलाकारों के साथ-साथ टेक्निकल टीम के कुछ सदस्यों को भी लग्जरी घड़ियां तोहफे में दीं। तान्या को भी घड़ी मिली, जिसे उन्होंने संभालकर रखा है और जिसे वह बेहद अच्छा जेस्चर मानती हैं।

ट्रेलर लॉन्च पर मीडिया ने निभाया भरोसा

तान्या ने ट्रेलर लॉन्च का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, सलमान ने मीडिया से एक ही बार कहा कि यह ट्रेलर फिलहाल सिर्फ वहां मौजूद लोगों के लिए है और बाहर नहीं जाना चाहिए। वहां करीब 100 से 150 मीडियाकर्मी कैमरों और मोबाइल के साथ मौजूद थे, लेकिन किसी ने ट्रेलर लीक नहीं किया। चार दिन बाद इसे सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया। तान्या को यह देखकर अच्छा लगा कि सलमान की एक बात का इतना सम्मान किया गया।

सबको बराबर सम्मान देते हैं सलमान

सलमान की सबसे अच्छी आदत के बारे में तान्या ने कहा कि वह हर इंसान को ध्यान से देखते हैं और सबको बराबर सम्मान देते हैं। सेट पर आते ही वह किसी को नजरअंदाज नहीं करते और हर किसी का अभिवादन करते हैं। आसपास के कलाकारों को वह इतना सहज कर देते हैं कि साथ काम करते हुए स्टारडम का दबाव महसूस नहीं होता।

मां चाहती थीं बनूं आर्मी ऑफिसर

तान्या ने बताया कि बचपन में उन्होंने कभी अभिनेत्री बनने का सपना नहीं देखा था। उनकी मां चाहती थीं कि वह आर्मी ऑफिसर बनें। उन्होंने तीन साल एनसीसी की ट्रेनिंग ली और सी सर्टिफिकेट भी हासिल किया। केरल में एक कैंप के दौरान एक मजेदार घटना हुई। तब वह नॉनवेज और अंडा नहीं खाती थीं। ट्रेनिंग के दौरान एक अधिकारी ने मजाक में कहा कि अगर अंडा-चिकन नहीं खाओगी तो युद्ध में कैसे जाओगी। यह सुनकर वह घबरा गईं और वही उनका आखिरी एनसीसी कैंप साबित हुआ।

डांस से शुरू हुआ अभिनय का सफर

12वीं के बाद तान्या ने डांस सीखना शुरू किया और धीरे-धीरे डांस इंस्ट्रक्टर बन गईं। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम किया। उन्होंने अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘हॉलीडे’ के एक गाने में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम किया था। उस दौरान का एक किस्सा याद करते हुए उन्होंने बताया कि सेट पर कुछ लोग सोनाक्षी के साथ गलत व्यवहार की कोशिश कर रहे थे, तब अक्षय काफी नाराज हुए और सोनाक्षी को सुरक्षित उनकी वैनिटी वैन तक पहुंचाया। तान्या के लिए यह देखना नया अनुभव था कि बड़े कलाकार अपने साथ काम करने वालों की सुरक्षा को लेकर कितने सजग रहते हैं।

7 हजार रुपए लेकर आई थीं मुंबई

तान्या सितंबर 2014 में मुंबई आई थीं। उनके पास सिर्फ 7 हजार रुपए थे। किराया और बाकी खर्च देने के बाद करीब 500 रुपए ही बचे। वह तीन लड़कियों के साथ एक छोटा कमरा साझा करती थीं। तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी।

ढाई हजार रुपए में मिला पहला काम

शुरुआत में तान्या को ‘सीआईडी’, ‘क्राइम अलर्ट’ और ‘सावधान इंडिया’ जैसे शो मिले। एक रूममेट ने कुछ कास्टिंग डायरेक्टर्स के नंबर दिए थे, जिन्हें वह लगातार मैसेज करती रहीं। पहला काम करीब 2500 रुपए में मिला। इसके बाद फायरवर्क्स प्रोडक्शन के साथ कई एपिसोड किए। डांस आने का फायदा मिला और काम मिलता गया। ‘सावधान इंडिया’ से उन्हें खास पहचान मिली और आज भी कई लोग उन्हें उस शो के किरदारों से पहचानते हैं।

साउथ की फिल्मों और वेब सीरीज तक पहुंचा सफर

तान्या डांस परफॉर्मेंस के लिए पहले भी साउथ जाती थीं। वहीं एक प्रोड्यूसर ने उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो किया था। करीब एक साल बाद उनका फोन आया और उन्होंने तेलुगु फिल्म का ऑफर दिया। कहानी अच्छी लगी तो कम बजट के बावजूद तान्या ने हां कर दी। इसके बाद उन्होंने तमिल वेब सीरीज ‘गॉडमैन’ में भी काम किया, लेकिन टीजर रिलीज होने के बाद विवादों के चलते वह सीरीज रिलीज नहीं हो सकी।

फेसबुक से शुरू हुआ अपूर्व लाखिया से रिश्ता

तान्या ने बताया कि अपूर्व लाखिया से उनका संपर्क फेसबुक के जरिए हुआ। एक दोस्त ने उनके बारे में बताया था और तान्या की फ्रेंड रिक्वेस्ट उन्होंने स्वीकार कर ली। बाद में उन्होंने ‘क्रैकडाउन’ के ऑडिशन के लिए बुलाया। तान्या अब अपूर्व को अपना मेंटर मानती हैं, जो करियर के फैसलों में हमेशा मार्गदर्शन करते हैं।

स्टार के साथ बेहतरीन परफॉर्मर बनने का सपना

आगे के सफर पर तान्या ने कहा कि उन्हें खुद पर भरोसा है कि उनमें बतौर अभिनेत्री काफी संभावनाएं हैं। वह ऐसे किरदार निभाना चाहती हैं, जिनमें अपनी परफॉर्मेंस दिखाने का मौका मिले। उनके शब्दों में, स्टार तो बनना ही है, लेकिन साथ ही एक बेहतरीन परफॉर्मर भी बनना है।

Related posts

महासमुंद में धान खरीदी का बड़ा अपडेट, जानिए अब तक कितनी हुई खरीदारी

रायपुर: जशपुर को मिलेंगे पांच बड़े पुल, जानिए कहां होगा निर्माण

जूडो खेलने गईं महिला खिलाड़ियों को रेलवे में लगा झटका, 4 हजार जुर्माना भरकर लौटीं… अब विवि पर सवाल