बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 की लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया, लेकिन पायलट ने विमान को नियंत्रित करते हुए रनवे पर सुरक्षित रोक लिया।
41 लोग थे विमान में सवार
घटना के समय विमान में 37 यात्री और 4 क्रू सदस्य, यानी कुल 41 लोग सवार थे। हादसे के बाद एयरपोर्ट और एयरलाइन कर्मचारियों ने सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर टर्मिनल तक पहुंचाया। राहत की बात रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
टायर फटने के बाद दिखीं चिंगारियां
रिपोर्टों के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान टायर फटने के बाद रनवे पर चिंगारी और आग जैसी स्थिति दिखाई दी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि पायलट और एयरपोर्ट की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को संभाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
तकनीकी जांच शुरू, आगे की उड़ान रद्द
घटना के बाद विमान को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया और तकनीकी टीम ने विमान का निरीक्षण शुरू किया। टायर फटने के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा। विमान की आगे की निर्धारित उड़ान भी रद्द कर दी गई।
बड़ी राहत: लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने के बावजूद सभी 41 लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे।