मध्य प्रदेश के मैहर जिले से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां के अमरपाटन विकासखंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल कठहा में कक्षा 11वीं और 12वीं के नाबालिग विद्यार्थियों को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) द्वारा प्रमाणित ‘ए’ (एडल्ट) श्रेणी की फिल्म ‘धुरंधर’ दिखाए जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले के उजागर होने के बाद न केवल स्कूल प्रबंधन बल्कि पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और प्रकरण की सीधी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज करा दी गई है।जुलाई के आखिरी दिन बिना अनुमति हुआ प्रदर्शन:आरोप है कि 31 जुलाई को शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल कठहा में अतिथि शिक्षक हंसराज पटेल ने बिना अनुमति प्रोजेक्टर पर ‘A’ सर्टिफिकेट फिल्म ‘धुरंधर’ दिखाई। महत्वपूर्ण बात यह है कि फिल्म की शुरुआत में नाबालिगों के लिए उपयुक्त न होने का वैधानिक डिस्क्लेमर आने के बावजूद, उसे नजरअंदाज कर फिल्म दिखाई गई।स्कूल प्रबंधन और विभागीय नियमों की खुली अनदेखी:नियमों के अनुसार, स्कूल में किसी भी फिल्म के प्रदर्शन के लिए प्राचार्य और शिक्षा विभाग से पूर्व अनुमति अनिवार्य है, जिसका इस मामले में उल्लंघन किया गया। शिकायतकर्ता ने स्कूल स्टाफ की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, बीईओ को सौंपी गई जांच:मामले की गंभीरता को देखते हुए निशांत तिवारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन (शिकायत क्रमांक: 39809957) पर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग है। मामले की जांच अमरपाटन के बीईओ कुंवर बहादुर सिंह को सौंपी गई है। फिलहाल, विभाग की जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि नियमों का कितना उल्लंघन हुआ है।