सागर में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश: शादी के तीसरे दिन कैश और जेवर लेकर भागी महिला समेत 3 आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के सागर जिले से शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जिले की जैसीनगर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऐसी ‘लुटेरी दुल्हन’ और उसके गिरोह को दबोचा है, जो शादी का झांसा देकर लोगों के घर और बैंक खाते खाली कर देती थी। इस गिरोह ने जैसीनगर के ग्राम महुआखेड़ा पेगवार निवासी नोनीराम पटेल को अपना निशाना बनाया था। नोनीराम की पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जिसके बाद वे दूसरी शादी के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर इस शातिर गिरोह ने नोनीराम से संपर्क किया और शादी कराने के एवज में भारी-भरकम 1.20 लाख रुपये ऐंठ लिए।

रकम वसूलने के बाद गिरोह ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली रुक्मणी चतुर्वेदी नाम की महिला से नोनीराम की शादी करवा दी।शादी संपन्न होने के बाद रुक्मणी दुल्हन बनकर नोनीराम के घर आ गई, लेकिन उसका इरादा बस लूट का था। शादी के महज तीन दिन बाद, जैसे ही रुक्मणी को मौका मिला, वह घर की अलमारी में रखे 30 हजार रुपये नकद, चांदी के कीमती जेवर और अपना मंगलसूत्र समेटकर रफूचक्कर हो गई। पीड़ित पति की शिकायत पर जैसीनगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 26 जून को धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया के कड़े निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से मुख्य आरोपी महिला रुक्मणी चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर, गिरोह के दो अन्य सदस्यों, अरविंद विभार (राजस्थान) और कार चालक सोनू अहिरवार (दमोह), को भी दबोच लिया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह द्वारा अन्य स्थानों पर की गई ठगी के मामलों की जांच कर रही है

Related posts

Breaking News: दतिया में कांग्रेस, बांकीपुर में प्रशांत किशोर और मांजलपुर में भाजपा की जीत:उपचुनाव नतीजे

आयुर्वेद में नाभि में तेल लगाना क्यों है फायदेमंद, जानें कौन से तेल का करें इस्तेमाल

‘प्रिंस’ की अरुणा शील्ड्स: विवेक ओबेरॉय की हीरोइन अब सांपों संग करती हैं साधना