रायपुर में नवजात बच्चों का सौदा करने वाला गिरोह बेनकाब, 3 महिलाएं गिरफ्तार; जानिए पूरा मामला

5 से 10 लाख रुपये में बेचते थे नवजात, ओडिशा से लेकर बड़े शहरों तक फैला था नेटवर्क

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। आजाद चौक पुलिस ने बच्चों की तस्करी के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं कमीशन के लालच में नवजात बच्चों का सौदा करती थीं। एक बच्चे की कीमत 5 लाख से 10 लाख रुपये तक तय की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ से बाहर ओडिशा, अहमदाबाद, हैदराबाद और चेन्नई तक फैला हुआ था।

ओडिशा की महिला और नवजात को कराया गया रेस्क्यू

पुलिस के अनुसार, ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक महिला अपने नवजात बच्चे के साथ आजाद चौक थाना क्षेत्र में मिली थी। पुलिस ने तत्काल महिला और बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर सखी सेंटर में रखा। महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच में पता चला कि 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को आरोपी कृतिका साहू ने अहिल्या नामदेव के घर पर रखा था। आरोप है कि यहां नवजात को बेचने की तैयारी की जा रही थी।

रायपुर और भिलाई की तीन महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें कृतिका साहू निवासी आमापारा रायपुर, अहिल्या नामदेव निवासी गुढ़ियारी क्षेत्र रायपुर और गीतिका नाग निवासी भिलाई-3 शामिल हैं। पुलिस ने आजाद चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140, 143, 318 और 61 के तहत कार्रवाई की है।

अहमदाबाद, हैदराबाद और चेन्नई तक फैला नेटवर्क

पश्चिमी जोन के डीसीपी रॉबिन्सन गुरिया के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध कारोबार में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। बच्चों को बेचने और खरीदने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस के मुताबिक, जिन अस्पतालों से संबंधित बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी हुए हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी। मामले में सबूत मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल तीन महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Related posts

भिलाई पहुंची ई-बस, ट्रायल के बाद जल्द शुरू होगी सेवा; जानिए पूरा रूट प्लान

दीपका खदान में अचानक थमा काम! पंचायत प्रतिनिधियों ने क्यों खोला मोर्चा?

आंवला नवमी पर महिलाओं ने निभाई अनोखी परंपरा, पेड़ के नीचे किया भोजन