Home » Blog » औषधीय पौधों को बचाने के लिए वैद्यों को मिलेगा सहयोग, जानें क्या है योजना

औषधीय पौधों को बचाने के लिए वैद्यों को मिलेगा सहयोग, जानें क्या है योजना

मोहला में 88 पारंपरिक वैद्यों का सम्मेलन, हर्बल गार्डन से लेकर मशीन तक मिलेगी सहायता

by desk

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और औषधीय पौधों के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक वैद्यों को तकनीकी और आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वैद्यों को हर्बल गार्डन विकसित करने, जड़ी-बूटियों के संरक्षण, पारंपरिक उपचार पद्धतियों के प्रमाणीकरण और उनके प्रसंस्करण में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इस संबंध में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के वनधन केंद्र गोदाम, मोहला में जिला स्तरीय पारंपरिक वैद्य सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के 88 पारंपरिक वैद्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वैद्यों ने अपने उपचार से जुड़े अनुभव और पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक ज्ञान को साझा किया। साथ ही बोर्ड की योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।

वनों के संरक्षण से ही बचेंगी औषधीय वनस्पतियां

कार्यक्रम में मोहला-मानपुर के वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने कहा कि वन, वनौषधियां और पारंपरिक वैद्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। जंगलों के संरक्षण से ही औषधीय पौधों की उपलब्धता बनी रहेगी। इससे पारंपरिक वैद्य अपने ज्ञान और अनुभव के आधार पर लोगों को उपचार का लाभ दे सकेंगे। उन्होंने सभी वैद्यों से वन संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस पर वैद्यों ने वन विभाग के साथ मिलकर जंगलों के संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया।

हर्बल गार्डन और जड़ी-बूटी प्रसंस्करण के लिए सहायता

औषधि पादप बोर्ड के कंसल्टेंट अमित गुप्ता ने बताया कि वैद्यों के लिए हीलर हर्बल गार्डन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत वैद्य अपने स्तर पर हर्बल गार्डन तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा वैद्यों के गांवों में स्थित स्कूलों में भी औषधीय पौधों के बगीचे विकसित करने और उनकी देखरेख के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि वैद्यों की पारंपरिक उपचार पद्धतियों का क्यूसीआई के माध्यम से प्रमाणीकरण कराने की योजना भी है। वहीं, जड़ी-बूटियों की पिसाई और प्रसंस्करण को आसान बनाने के लिए वैद्य समूहों को निःशुल्क पल्वराइजर मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इन पहलों का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान को संरक्षित करने के साथ औषधीय पौधों के उपयोग और संवर्धन को बढ़ावा देना है।

सम्मेलन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्ज्वल पोरवाल, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण संजय कुर्रे, औषधि पादप बोर्ड के अधिकारी और वैद्य संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may also like