बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में SIR के खिलाफ जन-अदालत, ध्रुव राठी और अभिजीत दीपके भी मंच पर रहे मौजूद
बेंगलुरु। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध का स्वर तेज हो गया है। गुरुवार को फ्रीडम पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और नागरिक संगठनों ने ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में अभिनेता-सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज, यूट्यूबर ध्रुव राठी और CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके शामिल हुए।
मंच से बोलते हुए प्रकाश राज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारों पर काम कर रहा है। प्रकाश राज ने कहा कि SIR सिर्फ नाम कटने का मामला नहीं, बल्कि नागरिकों की गरिमा और उनके संवैधानिक अधिकारों पर हमला है। उन्होंने प्रक्रिया को तुरंत रद्द करने की मांग की।
“लक्ष्य सिर्फ इस्तीफा नहीं, SIR खत्म करना है”
अभिजीत दीपके ने भी साफ कहा कि आंदोलन का मकसद केवल ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं है। उन्होंने मांग की कि SIR प्रक्रिया पूरी तरह बंद की जाए और CEC की भूमिका की जांच हो। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की। “SIR रद्द करो” और “ज्ञानेश कुमार गद्दी छोड़ो” के नारे गूंजते रहे। आयोजकों ने आगे ‘चप्पल प्रोटेस्ट’ करने का भी ऐलान किया।
ध्रुव राठी ने कार्यक्रम से पहले वीडियो जारी कर अपनी भागीदारी की पुष्टि की थी। उन्होंने इसे लोकतंत्र बचाने का मुद्दा बताया और लोगों से बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की।
दिल्ली में भी 10 अक्टूबर को प्रदर्शन
CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन का आरोप है कि कई राज्यों में उनके कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोकने के लिए हिरासत में लिया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा।
यह विरोध मतदाता सूची पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर नए सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है—SIR प्रक्रिया बंद हो और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका की जांच हो।