21वीं रैंक से बनीं अफसर, अब रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार; जानिए पूरा मामला
कांकेर में डेढ़ लाख रुपये लेते एसीबी ने पकड़ा, जीएसटी सहायक आयुक्त अंचला गिरी निलंबित
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 21वीं रैंक हासिल कर अधिकारी बनीं अंचला गिरी इन दिनों रिश्वत के आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने उन्हें गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। अंचला गिरी वर्तमान में जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर पदस्थ थीं।
अंचला का परिवार अंबिकापुर में रहता है। उनके पिता अजय गिरी आबकारी विभाग में आरक्षक हैं और मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई कर उन्होंने सीजीपीएससी-2021 में 21वीं रैंक हासिल की थी। वर्ष 2021-22 की भर्ती प्रक्रिया में उनका चयन पहले आयकर विभाग में लेखा अधिकारी के पद पर हुआ था। बाद में वह जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त बनीं। हालांकि, उनके चयन में किसी गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है।
वाहन छोड़ने के बदले मांगी थी रकम
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर के कबाड़ कारोबारी शोएब रंगरेज ने अंचला गिरी के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप है कि तीन लाख रुपये के कबाड़ से लदे वाहन को छोड़ने के बदले उनसे दो लाख रुपये मांगे गए थे।
शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने शनिवार को कार्रवाई की। बताया गया कि अंचला अपने घर पर डेढ़ लाख रुपये ले रही थीं, तभी टीम ने उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान उन्होंने कथित तौर पर रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी, लेकिन एसीबी ने पैसे बरामद कर लिए। इस मामले में अंचला के साथ बिचौलिए सीए इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
अधिकार क्षेत्र से बाहर जांच करने का आरोप
विभागीय सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले ही अंचला का रायपुर से कांकेर तबादला हुआ था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद वह अपने निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर वाहनों की जांच कर रही थीं।
जगदलपुर डिवीजन में ई-वे बिल की जांच के लिए अलग टीम गठित है। इस टीम में डीसी शंकर सिंह जानसन, एसटीओ रिपुदमन चंद्रा सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में विभागीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि अंचला की कथित गतिविधियों की जानकारी संबंधित टीम तक क्यों नहीं पहुंची।
रायपुर में भी शिकायत पहुंचने की बात
रिपोर्ट के मुताबिक, रायपुर में पदस्थापना के दौरान भी अंचला के खिलाफ लेनदेन से संबंधित शिकायत मंत्री और विभागीय आयुक्त तक पहुंची थी। बताया जाता है कि उस समय उन्हें समझाइश देकर मामला शांत करा दिया गया था।
अब कांकेर में एसीबी की कार्रवाई के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल रिश्वत के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।