हैदराबाद। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। नए सीजन का ट्रेलर 23 नवंबर को रिलीज होने जा रहा है। ट्रेलर से पहले निर्माताओं ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें फुलेरा गांव पहले से बिल्कुल अलग और आधुनिक अंदाज में नजर आ रहा है। इस वीडियो ने दर्शकों के बीच नई कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
बनराकस के हाथों में होगी नए फुलेरा की कमान
नए वीडियो में दुर्गेश कुमार का किरदार बनराकस एक नए अवतार में दिखाई दे रहा है। नए प्रशासन की कमान संभालने के बाद बनराकस पूरे फुलेरा को बदलने की तैयारी में नजर आता है। गांव में आधुनिक सुविधाओं और नए बदलावों की झलक दिखाई गई है। बनराकस का अंदाज भी इस बार पहले से अलग है। वीडियो में उसका ऐलान, “अब शुरू होगा हमारा राज!” आने वाले सीजन में नए राजनीतिक समीकरणों और मनोरंजक टकरावों का संकेत देता है।
क्या बदल जाएगा फुलेरा का पुराना अंदाज?
नए वीडियो में फुलेरा के विकास का एक नया खाका देखने को मिलता है। गांव का बदला हुआ रूप दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या बनराकस वाकई फुलेरा को आधुनिक गांव बना पाएगा या उसकी योजनाएं एक बार फिर मनोरंजन और विवादों का कारण बनेंगी? इन सवालों के जवाब नए सीजन में मिलेंगे।
पुराने कलाकार फिर आएंगे नजर
इस सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक समेत कई कलाकार अपनी भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है और कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। इसका निर्माण द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने किया है।
3 दिसंबर को होगा पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर
‘पंचायत सीजन 5’ का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। अब दर्शकों की नजर ट्रेलर पर है, जिससे फुलेरा की नई कहानी और बनराकस की योजनाओं की पहली झलक सामने आएगी।