हैदराबाद: लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW की नई इलेक्ट्रिक कूपे-SUV BMW iX4 जल्द भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है। कंपनी ने इस कार के डिजाइन का भारत में पेटेंट कराया है। इसे भारत में संभावित लॉन्च की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक भारतीय बाजार में इसकी लॉन्च तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
BMW iX4 को अक्टूबर 2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश किया गया था। यह BMW iX3 का कूपे-SUV संस्करण है और कंपनी की नई ‘न्यू क्लास’ इलेक्ट्रिक कार श्रृंखला का तीसरा मॉडल है। इससे पहले इस श्रृंखला में BMW iX3 और i3 को पेश किया जा चुका है।
कब हो सकती है भारत में लॉन्च?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में BMW iX4 की बिक्री मार्च 2027 से शुरू होने की संभावना है। इसके कुछ समय बाद इसे भारत में भी उतारा जा सकता है। वैश्विक बाजार में यह इलेक्ट्रिक कार 40 xDrive, 50 xDrive और M60 xDrive सहित तीन विकल्पों में उपलब्ध होगी।
कूपे डिजाइन के साथ दमदार लुक
BMW iX4 का बाहरी डिजाइन काफी हद तक BMW iX3 से मिलता-जुलता है। हालांकि, इसे अलग पहचान देने के लिए ढलान वाली छत और छोटे ओवरहैंग दिए गए हैं। कार में कंपनी की पहचान मानी जाने वाली किडनी ग्रिल, दो हिस्सों वाली हेडलाइट्स, 20 इंच के अलॉय व्हील और क्लियर-लेंस टेललाइट्स मिलती हैं।
इसके पिछले हिस्से में बूट लिड स्पॉइलर और पहले के मुकाबले ज्यादा तराशा हुआ बम्पर दिया गया है। वहीं, इसके स्पोर्टी M60 xDrive संस्करण में 21 इंच के बड़े अलॉय व्हील, M बैज, विशेष रियर-व्यू मिरर, पीले रंग की डे-टाइम रनिंग लाइट्स और अतिरिक्त स्पोर्टी डिजाइन एलिमेंट्स मिलते हैं।
केबिन में बड़ी स्क्रीन और प्रीमियम सुविधाएं
BMW iX4 का इंटीरियर भी काफी हद तक iX3 जैसा है। इसमें डैशबोर्ड के बीच 17.9 इंच की डायमंड आकार वाली टचस्क्रीन दी गई है। इसके अलावा विंडस्क्रीन के निचले हिस्से में एक छोर से दूसरे छोर तक फैला पैनोरमिक विजन डिस्प्ले मिलता है।
कार में खास डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील और ऊंचाई पर स्थित सेंट्रल टनल दी गई है। इसमें 490 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। हालांकि, ढलान वाली छत के कारण पीछे बैठने वाले यात्रियों को सिर के लिए कुछ कम जगह मिल सकती है।
40 xDrive और 50 xDrive संस्करणों में पैनोरमिक सनरूफ, एम्बिएंट लाइटिंग, मेमोरी फंक्शन वाली इलेक्ट्रिक फ्रंट सीटें और सात स्पीकर वाला साउंड सिस्टम मिलता है। इसके अलावा स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग, कनेक्टेड कार तकनीक और ड्राइवर सहायता प्रणाली जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
वहीं, सबसे महंगे M60 xDrive संस्करण में M-स्पेसिफिक स्टीयरिंग व्हील, M स्पोर्ट सीटें और 13 स्पीकर वाला हरमन कार्डन साउंड सिस्टम दिया गया है। इसका इंटीरियर भी अलग गहरे रंग की थीम में तैयार किया गया है।
बैटरी और रेंज में कितना दम?
BMW iX4 को कंपनी के 800-वोल्ट न्यू क्लास प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें BMW iX3 के समान बैटरी विकल्प दिए गए हैं। इसके तीनों संस्करणों की क्षमता और प्रदर्शन में अंतर है।
40 xDrive: शुरुआती संस्करण में 82.6 किलोवाट-घंटे की बैटरी दी गई है। इसकी दावा की गई WLTP रेंज 638 किलोमीटर तक है। दो इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर 374 हॉर्सपावर की ताकत और 520 न्यूटन मीटर का टॉर्क पैदा करती हैं। यह कार 5.6 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
50 xDrive: इस संस्करण में 108.7 किलोवाट-घंटे की बड़ी बैटरी मिलती है। इसकी दावा की गई WLTP रेंज 828 किलोमीटर तक है। इसका डुअल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम 469 हॉर्सपावर की ताकत और 645 न्यूटन मीटर का टॉर्क देता है। यह महज 4.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकती है।
M60 xDrive: यह रेंज का सबसे शक्तिशाली संस्करण होगा। BMW ने अभी इसकी बैटरी क्षमता का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, इसकी संभावित WLTP रेंज 777 किलोमीटर तक बताई जा रही है। यह 612 हॉर्सपावर की ताकत के साथ 3.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम गति 240 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित होगी।
M60 xDrive में एडेप्टिव स्पोर्ट्स सस्पेंशन मानक रूप से मिलेगा, जबकि अन्य दोनों संस्करणों में इसे अतिरिक्त विकल्प के तौर पर दिया जाएगा।
भारत में लॉन्च पर टिकी नजरें
BMW iX4 का डिजाइन पेटेंट भारत में दर्ज होना इस बात का संकेत है कि कंपनी इस इलेक्ट्रिक कूपे-SUV को भारतीय बाजार में लाने की संभावनाओं पर काम कर रही है। हालांकि, लॉन्च की तारीख, भारतीय संस्करण के फीचर्स और कीमत को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यदि यह कार भारत आती है, तो प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी बाजार में इसकी एंट्री पर नजर रहेगी।