Home » Blog » भिलाई के विशाल ने चीन को चटाई धूल, 15 साल बाद भारत को दिलाई ऐतिहासिक जीत

भिलाई के विशाल ने चीन को चटाई धूल, 15 साल बाद भारत को दिलाई ऐतिहासिक जीत

by desk

 

भिलाई, 23 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के भिलाई के रहने वाले 25 वर्षीय विशाल वाधवानी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन किया है। दक्षिण कोरिया में आयोजित 5वीं एशिया-पैसिफिक डेफ फुटबॉल चैंपियनशिप में विशाल ने चीन के खिलाफ शानदार गोल दागकर भारत को 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

डेफ फुटबॉल के इतिहास में चीन के खिलाफ भारतीय टीम की यह पहली जीत बताई जा रही है। इससे पहले वर्ष 2011 में चीन ने भारत को 5-0 से हराया था। करीब 15 साल बाद मिली इस जीत ने भारतीय टीम के साथ छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर दौड़ा दी है।

छत्तीसगढ़ से भारतीय टीम में इकलौते खिलाड़ी

विशाल वाधवानी भारतीय डेफ फुटबॉल टीम में छत्तीसगढ़ से चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। वे टीम में लेफ्ट विंगर की भूमिका निभाते हैं। श्रवण-बाधित होने के बावजूद उन्होंने अपने जुनून और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया है।

भिलाई-3 निवासी विशाल ने वर्ष 2010 में फुटबॉल खेलना शुरू किया था। चरोदा रेलवे इंस्टीट्यूट के मैदान में नियमित अभ्यास करते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा को निखारा। वे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ओर से इंदौर में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।

उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर दो बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ। वर्तमान में उनका चयन बेंगलुरु स्थित खेलगांव के माध्यम से भारतीय टीम में हुआ है।

अब दक्षिण कोरिया, नेपाल और ताइवान से मुकाबला

चीन के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम के सामने आगामी मुकाबलों की चुनौती है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत को 25 नवंबर को मेजबान दक्षिण कोरिया, 26 नवंबर को नेपाल और 27 नवंबर को ताइवान से भिड़ना है।

इन मुकाबलों में भी विशाल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

परिवार और भिलाई में खुशी का माहौल

विशाल वाधवानी भिलाई-3 निवासी गुरुमुखदास वाधवानी और दया वाधवानी के पुत्र हैं। चरोदा के मैदान से शुरू हुआ उनका फुटबॉल सफर अब अंतरराष्ट्रीय पहचान तक पहुंच चुका है।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार, खेल प्रेमियों और सिंधी समाज में खुशी का माहौल है। विशाल की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो चुनौतियों के बावजूद खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

You may also like