दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक घटना में घर के अंदर रखे एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई, जबकि दूसरी घटना में फैक्ट्री की एक यूनिट आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों जगह आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
गिरधारी नगर में जलने लगा एलपीजी सिलेंडर
पहली घटना सोमवार को मोहन नगर थाना क्षेत्र के गिरधारी नगर की है। यहां एक मकान में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने घर के भीतर प्रवेश कर जलते सिलेंडर की आग बुझाई। इसके बाद सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षित किया।
आधी रात फैक्ट्री की यूनिट में भड़की आग
दूसरी घटना सोमवार रात करीब 12:27 बजे जामुल थाना क्षेत्र के अरसनारा स्थित एक फैक्ट्री में हुई। फैक्ट्री की एक यूनिट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल प्रभारी धनु यादव अपनी टीम के साथ पहुंचे। कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और समय रहते लपटों पर काबू पा लिया। इससे आग फैक्ट्री के दूसरे हिस्सों तक नहीं फैल सकी।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
दोनों घटनाओं में अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बच गया। फिलहाल दोनों स्थानों पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।