रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक किसान ने अपनी मेहनत और नई तकनीक के दम पर फूलों की खेती को कमाई का बड़ा जरिया बना लिया है। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूलों की खेती कर सालाना लगभग 35 लाख रुपये तक की आमदनी अर्जित कर रहे हैं। उनके खेतों में खिले गेंदा के फूलों की मांग छत्तीसगढ़ के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा तक है।
विद्याधर पटेल के खेतों में तैयार फूल रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में भेजे जाते हैं। इसके अलावा ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ में भी नियमित रूप से फूलों की आपूर्ति की जाती है।
किसान के अनुसार, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि लागत करीब 1 से 1.5 लाख रुपये आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। इस दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 वाहनों में फूल बाजारों तक भेजे जाते हैं।
सब्जी की खेती से शुरू हुआ सफर
विद्याधर पटेल पहले सब्जी-भाजी की खेती करते थे। इस दौरान वे रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में भी हिस्सा लेते थे। प्रदर्शनियों में गेंदा फूलों की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उन्होंने इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का निर्णय लिया।
शुरुआत में उन्हें फूलों की समय पर बिक्री नहीं होने और उत्पादन खराब होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इससे लागत डूबने का खतरा बना रहता था। इसके बाद उन्होंने उद्यानिकी विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन लिया और वैज्ञानिक तरीके से खेती में बदलाव किया।
पॉलीबैग तकनीक से कम हुआ नुकसान
उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में विद्याधर पटेल ने पॉलीबैग में पौधे तैयार करने की तकनीक अपनाई। इससे फूलों के उत्पादन और बाजार में बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिली। दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं होने पर भी बाद में उन्हें बाजार में बेचने का अवसर मिलने लगा।
सिंचाई के लिए खेतों में पाइपलाइन बिछाई गई है। जरूरत के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर पद्धति से सिंचाई की जाती है।
फूलों के साथ सब्जियों की खेती से भी कमाई
गेंदा फूलों की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इनमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी तैयार की है।
फूलों का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इस तरह उन्होंने खेती के अलग-अलग माध्यमों से अपनी आमदनी के रास्ते तैयार किए हैं।
स्थानीय लोगों को भी मिल रहा रोजगार
विद्याधर पटेल की फूलों की खेती से केवल उनकी आमदनी ही नहीं बढ़ी है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी नियमित रोजगार मिल रहा है। उनकी सफलता बताती है कि सरकारी तकनीकी मार्गदर्शन, आधुनिक खेती और बाजार की मांग को समझकर किसान पारंपरिक खेती के साथ नए अवसर भी तलाश सकते हैं।