छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा, नारायणपुर और बीजापुर जिले में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 39 लाख 77 हजार रुपये नकद के साथ बड़ी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। वहीं, 13 लाख रुपये के कुल इनामी दो माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बस्तर संभाग के सात जिलों में चलाए जा रहे सघन तलाशी और क्षेत्र नियंत्रण अभियान का हिस्सा है। अभियान के तहत माओवादियों के पुराने गुप्त ठिकानों, हथियारों, विस्फोटकों और छिपाकर रखी गई नकदी का पता लगाया जा रहा है।
सुकमा के जंगल में हथियारों का डंप बरामद
सुकमा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष कुंवर के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर 25 नवंबर को चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुंडराजगुड़ेम और रासपल्ली के जंगलों में संयुक्त अभियान चलाया गया। जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की टीम ने तलाशी के दौरान रासपल्ली के जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया। इसमें आठ देसी हथियार शामिल हैं, जिनमें दो सिंगल बैरल बंदूक और छह भरमार बंदूकें हैं।
इसके अलावा एके-47, एसएलआर, इंसास, .303 राइफल, 9 एमएम और 12 बोर के कुल 229 कारतूस बरामद किए गए। सुरक्षा बलों को 10 से 12 किलो वजन का एक बिना वायर वाला टिफिन आईईडी, तीन हैंड ग्रेनेड, चार तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल के गोले, बारूद, करीब 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी मिले। मौके से वायरलेस सेट, मैगजीन, बैटरी, नक्सली वर्दी, बैग, दवाइयां और माओवादी साहित्य भी जब्त किया गया।
अबूझमाड़ में एसएलआर और इंसास राइफल बरामद
नारायणपुर जिले में स्थानीय पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने सोनपुर थाना क्षेत्र के अबूझमाड़ के पहाड़ी जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि चट्टानों के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें एक एसएलआर और एक इंसास राइफल शामिल है। दोनों राइफलों में 52-52 जिंदा कारतूस लोड थे। इसके अलावा दो वायरलेस सेट, लेजर पॉइंटर पेन, मैगजीन कवर और एक देसी पिस्तौल भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, इलाके में शेष हथियारों और आईईडी की तलाश जारी है।
बीजापुर में जमीन के नीचे छिपे मिले 39.77 लाख रुपये
बीजापुर जिले में मंगलवार को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के पास जंगल में बड़ी नकदी बरामद की गई। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मुताबिक, मिली विशेष सूचना के आधार पर डीआरजी, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने संयुक्त अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के नीचे स्टील के ढक्कन से ढकी एक बोरी मिली। इसमें टेप से लिपटे बंडलों में 500 रुपये के नोट रखे हुए थे। कुल 39 लाख 77 हजार रुपये जब्त किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी इसी वर्ष बीजापुर जिले के अलग-अलग माओवादी ठिकानों से 7.60 करोड़ रुपये नकद और 8.5 किलो सोना बरामद किया जा चुका है।
13 लाख के इनामी दो माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
इस अभियान के दौरान दो ऐसे माओवादियों के आत्मसमर्पण की भी जानकारी सामने आई है, जिन पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और गुप्त ठिकानों की तलाश से बस्तर में माओवादी नेटवर्क के बचे हुए संसाधनों पर दबाव बढ़ा है।