रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गांवों में जल संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने की नई पहल आगे बढ़ रही है। वीबी-जीरामजी योजना के अंतर्गत शुरू किए गए आजीविका डबरी निर्माण अभियान से महिलाओं, अनुसूचित जनजाति और विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं। इस योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 20 हजार डबरियां बनाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन ग्रामसभाओं की मांग और अनुमोदन के बाद अब तक 23 हजार से अधिक डबरियों को स्वीकृति मिल चुकी है।
पिछले वर्ष 10 हजार डबरियां बनाने का लक्ष्य था, जिसके मुकाबले 15 हजार डबरियों का निर्माण किया गया। यानी निर्धारित लक्ष्य से 50 प्रतिशत अधिक काम हुआ। इस अभियान की खास बात यह है कि निजी भूमि पर बनने वाली डबरियों के सूचना पटल पर महिलाओं के नाम दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे उनके आर्थिक अधिकार और परिसंपत्ति पर भागीदारी मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 दिसंबर 2025 को इस अभियान का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों से जोड़कर आजीविका के स्थायी साधन उपलब्ध कराना है। डबरियों का उपयोग मछली पालन, खेतों की सिंचाई और सब्जी उत्पादन जैसे कार्यों में किया जा सकेगा। इससे परिवारों को खेती के साथ अतिरिक्त आमदनी के अवसर मिलेंगे।
बैगा परिवारों सहित कई हितग्राहियों को लाभ
अभियान का लाभ प्रदेश के अलग-अलग जिलों के ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहा है। कबीरधाम जिले के अधरूराम बैगा को प्रधानमंत्री जनमन आवास के साथ आजीविका डबरी की सुविधा मिली है। वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गोलरडीह के हीरालाल बैगा, जशपुर की रजनी बाई, बलरामपुर जिले के बंगुरकेला की पुष्पा देवी और कोंडागांव जिले की कचोरा ग्राम पंचायत की सोनादई पोयाम भी इस पहल से लाभान्वित हो रहे हैं।
जल संरक्षण के साथ गांव में रोजगार
डबरी निर्माण से वर्षा जल का संचयन और भूजल संवर्धन हो रहा है। निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीण श्रमिकों को गांव में ही रोजगार मिल रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद यही डबरियां मछली पालन, सिंचाई और कृषि आधारित गतिविधियों के जरिए लंबे समय तक आय का साधन बन सकती हैं।
योजना के क्रियान्वयन के साथ प्रदेश में जल संबंधी क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या शून्य होने की जानकारी दी गई है। वहीं सेमी-क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या भी 21 से घटकर 19 रह गई है।
क्यूआर कोड से मिलेगी डबरी की जानकारी
योजना में पारदर्शिता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए निर्मित परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित रोजगार दिवस और आवास दिवस पर ग्रामीणों को इनके माध्यम से जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। इस तरह आजीविका डबरी अभियान जल संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को एक साथ आगे बढ़ाने की पहल बन रहा है।