मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय के गर्भगृह में प्रवेश और पूजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर में सुबह 10 बजे के बाद आम श्रद्धालुओं के गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध बताया जा रहा है। इसके बावजूद अभिनेता और उनके साथियों को गर्भगृह में दर्शन कराए जाने के फोटो और वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मां के दरबार में सभी भक्त समान हैं। जब आम लोगों के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है, तो फिर चुनिंदा लोगों को विशेष अनुमति किस आधार पर दी गई? उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को अभिनेता विवेक आनंद ओबेरॉय और मोटिवेशनल वक्ता विवेक बिंद्रा मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान अभिनेता के गर्भगृह में दर्शन करने के दृश्य इंटरनेट पर प्रसारित हुए।
मामले पर नायब तहसीलदार चंद्रशेखर परमार ने कहा कि वे दोनों को प्रोटोकॉल के तहत मंदिर तक लेकर आए थे। इसके बाद कर्मचारियों ने कहां से दर्शन कराए, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। वहीं मंदिर प्रबंध समिति की अध्यक्ष एवं प्रभारी एसडीएम अर्पिता राय ने कहा कि गर्भगृह में प्रतिबंध के बावजूद किसी के प्रवेश की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम ने मंदिर में दर्शन व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की मांग है कि मंदिर के नियम सभी पर समान रूप से लागू हों और विशेष अनुमति दिए जाने की स्थिति में उसका आधार सार्वजनिक किया जाए।