रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की खास पहचान देखने को मिल रही है। यहां प्रदेश की कोसा सिल्क साड़ियां, पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय आभूषण और वनोपज से तैयार उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ पवेलियन में पहुंच रहे लोग न केवल इन उत्पादों को देख रहे हैं, बल्कि खरीदारी में भी रुचि दिखा रहे हैं।
कोसा साड़ियों और हथकरघा वस्त्रों की खास मांग
मेले में चांपा और रायगढ़ की प्रसिद्ध कोसा साड़ियां विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। पारंपरिक बुनाई के साथ आधुनिक डिजाइन वाले वस्त्र, दुपट्टे और अन्य परिधान लोगों को पसंद आ रहे हैं। बिलासा हैंडलूम, शिल्प कुंज, शारदा कोसा और नवयुवक बुनकर सहकारी समिति के स्टॉल पर छत्तीसगढ़ के बुनकरों की कला देखने को मिल रही है।
बेलमेटल की कलाकृतियों ने खींचा ध्यान
पवेलियन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बेलमेटल शिल्पकला भी लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। धातु से बनी हिरण, हाथी और पक्षियों की आकृतियों के साथ सजावटी वस्तुएं और जनजातीय आभूषण प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा माटीकला, खादी और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद भी मेले की शोभा बढ़ा रहे हैं।
वनोपज से बने उत्पादों की भी धूम
छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के स्टॉल पर छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड के खाद्य पदार्थ, हर्बल सामग्री और प्रसंस्कृत उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। वहीं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के स्टॉल पर स्थानीय कृषि उत्पाद, मिलेट्स और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सामग्री रखी गई है। इन उत्पादों के जरिए प्रदेश की वन संपदा और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
वीआर जोन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी अनुभव
छत्तीसगढ़ पवेलियन का एक और खास आकर्षण वर्चुअल रियलिटी जोन है। यहां आगंतुकों को प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का 3डी अनुभव कराया जा रहा है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से जलप्रपात की विशाल जलधारा और आसपास के प्राकृतिक नजारों को करीब से महसूस करने का अवसर मिल रहा है।
इसके साथ ही कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, तीरथगढ़ जलप्रपात और प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। इस पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, इको-टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं को देशभर के लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।