रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवगाथा अब विदेशों में भी अपनी पहचान बना रही है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 की गूंज अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक पहुंची। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय संगठनों के सहयोग से कई देशों में कार्यक्रम आयोजित किए।
शिकागो में कई राज्यों के संगठन एक मंच पर आए
अमेरिका के शिकागो स्थित नेशनल इंडिया हब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के सामुदायिक संगठनों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी नाचा के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर ने संभाली। नाचा के शिकागो अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला।
दीपाली सरावगी का हुआ सम्मान
शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिए गए छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 के लिए बधाई दी और समारोह में उनका अभिनंदन किया। दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस और बलिदान को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कनाडा में बिलासपुर के पंकज अग्रवाल ने संभाली जिम्मेदारी
कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी और नाचा कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने महत्वपूर्ण समन्वय की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के जरिए भारतीय संस्कृति की विविधता प्रस्तुत की गई। कलाकारों और विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
लंदन में भी दिखी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान
ब्रिटेन की राजधानी लंदन के नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम में नाचा यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। आयोजन में भारतीय जनजातीय समाज के इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष और लोककलाओं को प्रमुखता दी गई। नाचा यूके के अरविंद साहू, पियाली और अन्य सदस्यों ने इसमें सक्रिय भूमिका निभाई।
ह्यूस्टन में भी मना जनजातीय गौरव दिवस
अमेरिका के टेक्सास स्थित ह्यूस्टन में भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को एक साथ मनाया गया। यहां नाचा के प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने प्रदेश की जनजातीय विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सामने रखा।
दुनिया में छत्तीसगढ़ के नायकों की पहचान बनाना लक्ष्य
नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि विदेशों में बसे छत्तीसगढ़वासी अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और जनजातीय नायकों की विरासत को दुनिया तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाचा का उद्देश्य प्रवासी छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों और सहयोगी संगठनों का आभार जताया।