रायपुर, 17 नवंबर 2026। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में 9 करोड़ 82 लाख 71 हजार रुपये की लागत वाले 89 विकास कार्यों को अनुमति दी गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने 15वें वित्त आयोग के अबंधित अनुदान से इन कार्यों को कराने की स्वीकृति दी है। इनमें पेयजल पाइपलाइन का विस्तार, सीमेंट-कंक्रीट सड़कों और नालियों का निर्माण, पैदल पथ तथा मार्ग प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं।
पेयजल व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
वार्ड क्रमांक 8 के कोरिया कॉलरी क्षेत्र में संतोषी माता मंदिर के सामने से काली मंदिर तक मुख्य पाइपलाइन विस्तार के लिए 49.87 लाख रुपये की अनुमति मिली है। वार्ड क्रमांक 6 के गंगाधर तिलक वार्ड में विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार के लिए 28.60 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 10 के हल्दीबाड़ी में 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क, नाली और रोशनी के भी होंगे काम
वार्ड क्रमांक 6 और 8 के बीच सीमेंट-कंक्रीट सड़क और आरसीसी नाली निर्माण के लिए 47.80 लाख रुपये की अनुमति दी गई है। वार्ड क्रमांक 8 में मुख्य मार्ग से शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क निर्माण पर 9.86 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, वार्ड क्रमांक 31 के गोदरीपारा में कोठारी मैदान के पास मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए 9.90 लाख रुपये की अनुमति मिली है। बड़ा बाजार क्षेत्र में तालाब तक पैदल पथ और तालाब की सुरक्षा दीवार का निर्माण भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का जताया आभार
स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने विकास कार्यों की अनुमति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन विस्तार से पेयजल सुविधा बेहतर होगी। सड़क और पैदल पथ बनने से आवागमन आसान होगा, जबकि नालियों के निर्माण से जल निकासी में सुधार आएगा।
संचालनालय ने नगर निगम को आवश्यक तकनीकी, प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृतियां लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे करने को कहा गया है।