कांकेर में बदली विकास की तस्वीर! 24 पुल बने, 19 पर काम जारी

रायपुर, 17 नवंबर 2026। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। कांकेर जिले में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा बड़े पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 19 पुल निर्माणाधीन हैं और 10 नए पुलों को मंजूरी दी गई है।

210 गांवों की 1.68 लाख आबादी को फायदा

कांकेर के नक्सल प्रभावित कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़, मेढ़की नदी में 12 करोड़ और महला नदी में 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पुल बनाए गए हैं। भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में भी 9 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया गया है। इन पुलों से करीब 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक बारहमासी संपर्क की सुविधा मिली है।

कुछ महीनों में 61 करोड़ के 9 पुल पूरे

पिछले कुछ महीनों में 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा हुआ है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख, टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख और कापसी-पखांजूर मार्ग में त्रास नाला पर 6 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बने पुल शामिल हैं। इनसे 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है।

महाराष्ट्र से संपर्क होगा आसान

दूरस्थ क्षेत्रों में संपर्क मजबूत करने के लिए मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जा रहे हैं। वहीं, सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से बड़े पुल का निर्माण जारी है। इनके पूरा होने से महाराष्ट्र के साथ अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम होगा।

140 करोड़ के 19 पुल निर्माणाधीन

राज्य शासन ने कांकेर जिले में 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनका काम जारी है। इसके अलावा 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को भी स्वीकृति दी गई है। इनमें राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी और हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में पुल निर्माण शामिल हैं।

इन पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से संपर्क बेहतर होगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, कृषि और पर्यटन गतिविधियों तक लोगों की पहुंच आसान बनेगी।

Related posts

शाहरुख खान के इस को-स्टार की हालत देख भावुक हुए फैंस, 4 कुत्तों से बिछड़ने का दर्द छलका

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के कलाकारों को मिला बड़ा सम्मान, 50 शिल्पकारों से मिलीं मुर्मु

राहुल गांधी की गर्लफ्रेंड का फिर हुआ जिक्र! पूछने पर दिया ये जवाब