धान खरीदी में गड़बड़ी का खुलासा, धमतरी में 1,660 कट्टा धान जब्त; जानें पूरा मामला

धमतरी में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, चार जगहों से जब्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। धमतरी जिले में चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान चार अलग-अलग स्थानों से कुल 1,660 कट्टा और बोरी धान जब्त किया गया है।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के धान उपार्जन केंद्रों, गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और प्रमुख परिवहन मार्गों पर निगरानी कर रही हैं। इसी दौरान बिना वैध दस्तावेजों के धान का भंडारण और परिवहन किए जाने के मामले सामने आए।

चार स्थानों पर हुई कार्रवाई

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, नगरी तहसील के ग्राम सांकरा में व्यापारी शोभानाथ गोस्वामी के गोदाम की जांच में 150 कट्टा धान मिला। आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखाने पर टीम ने धान जब्त कर लिया।

इसी तरह 15 नवंबर को ग्राम सिंगपुर में मंडी विभाग की टीम ने चौतराम साहू से संबंधित मामले में 32 कट्टा धान जब्त किया। इसकी कुल मात्रा 12.80 क्विंटल बताई गई है।

गोदाम में मिले 1,178 कट्टा धान के दस्तावेज नहीं

16 नवंबर को नगरी स्थित खेमचंद/केवलचंद फर्म के गोदाम में जांच के दौरान 1,178 कट्टा धान का भंडारण मिला। इसके वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की।

वहीं, 16 नवंबर को बनरौद नाका में जांच के दौरान प्रशासनिक टीम ने 300 बोरी धान जब्त किया। जब्त धान को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।

धान खरीदी के दौरान जारी रहेगी निगरानी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। अवैध धान के भंडारण, अनधिकृत परिवहन और उपार्जन केंद्रों में अवैध धान खपाने की कोशिशों को रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्रशासन ने व्यापारियों और संबंधित व्यक्तियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। जांच में अनियमितता पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

16 नवंबर 2026 की टॉप 10 ब्रेकिंग न्यूज़

आलिया के जन्म से पहले सोनी राजदान का चौंकाने वाला खुलासा, एक दिन में पी थीं 100 सिगरेट!

रायपुर रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर बवाल! महिला ने लगाए गंभीर आरोप