कुलगाम आतंकी हमले में शहीद छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिवारों को 36-36 लाख की सहायता

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के स्वजन को 36-36 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी। राज्य सरकार 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा, जिला प्रशासन की ओर से भी छह-छह लाख रुपये की तत्काल राहत दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के दीपक रात्रे (24) और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैना (28) के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस आतंकी घटना की निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ जघन्य अपराध है। ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं और राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में दोनों परिवारों के साथ खड़ी है।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने घटना के बाद दोनों मृतकों के स्वजन से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ खड़ा है और इस नृशंस हमले में शामिल आतंकियों को उनके अपराध की सजा मिलेगी।

शुक्रवार रात करीब आठ बजे कुलगाम के केलम क्षेत्र स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे श्रमिकों से आतंकियों ने पहले उनकी पहचान और नाम पूछा, इसके बाद उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैना को स्थानीय लोगों ने अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

दीपक रात्रे एक वर्ष पहले परिवार के साथ कुलगाम गए थे। उनकी शादी तीन साल पहले हुई थी और दो वर्ष का बेटा है। भूपेंद्र भैना तीन माह पहले पत्नी के साथ मजदूरी के लिए कश्मीर गए थे। दोनों के शवों का जम्मू में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि प्रशासन हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है।

Related posts

Breaking News: दतिया में कांग्रेस, बांकीपुर में प्रशांत किशोर और मांजलपुर में भाजपा की जीत:उपचुनाव नतीजे

‘प्रिंस’ की अरुणा शील्ड्स: विवेक ओबेरॉय की हीरोइन अब सांपों संग करती हैं साधना

नागपुर: ई20 पेट्रोल मुद्दे पर यूथ कांग्रेस ने नितिन गडकरी के घर का घेराव करने की कोशिश