रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर के नॉर्थ जोन पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। वहीं, 8 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस की कार्रवाई खम्हारडीह, उरला, पंडरी, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में की गई।
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने धारदार हथियार रखने के मामले में एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। वहीं उरला थाना पुलिस ने अवैध शराब के मामले में एक आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
इसके अलावा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से खम्हारडीह थाना पुलिस ने 4, पंडरी थाना पुलिस ने 2 और खमतराई थाना पुलिस ने 2 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इस प्रकार नॉर्थ जोन में कुल 8 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
नॉर्थ जोन पुलिस का कहना है कि त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Read more: सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार….