जगदलपुर: दरभा में मध्यप्रदेश की शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में जांच के दौरान मध्यप्रदेश की गोवा ब्रांड विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई। इस कार्रवाई में दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
140 पेटी से अधिक शराब जब्त
आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 140 पेटी और 10 अतिरिक्त बोतल गोवा ब्रांड विदेशी शराब जब्त की। शराब की कुल मात्रा 1261.8 बल्क लीटर बताई गई है। जब्त शराब की कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
आबकारी अधिकारी अंकित सिंह राठौर के मुताबिक, 21 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में छापेमारी की गई। इस दौरान एक नाबालिग वाहन में संदिग्ध अवस्था में मिला। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से 15 पेटी गोवा ब्रांड शराब बरामद हुई।
इसी दौरान वाहन में मौजूद राजुर निवासी सुनील सेठिया मौके से फरार हो गया। इसके बाद काले रंग की एक अन्य गाड़ी में सवार दो लोगों को पकड़ा गया। इनमें एक नाबालिग और दूसरा चितापूर निवासी प्रवीण बघेल था। इनके पास से भी एक पेटी शराब बरामद हुई।
नाबालिग की निशानदेही पर मिला शराब का जखीरा
पूछताछ के दौरान नाबालिग ने गिट्टी खदान जाने वाले रास्ते पर शराब छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर एक अशोक लीलैंड वाहन की तलाशी ली। वाहन से मध्यप्रदेश की गोवा ब्रांड शराब की 124 पेटियां बरामद की गईं।
20 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त
आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त शराब और वाहनों का कुल बाजार मूल्य 20 लाख 96 हजार 350 रुपये आंका गया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 और 59 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि प्रवीण बघेल को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है। फरार आरोपी सुनील सेठिया की तलाश जारी है।