Home » Blog » छत्तीसगढ़ में रोजगार सहायकों का अनिश्चितकालीन आंदोलन, 30 नवंबर तक शासन को अल्टीमेटम

छत्तीसगढ़ में रोजगार सहायकों का अनिश्चितकालीन आंदोलन, 30 नवंबर तक शासन को अल्टीमेटम

by desk

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में रोजगार सहायकों का आक्रोश अब आंदोलन में बदलने जा रहा है। लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन की ओर से कोई ठोस फैसला नहीं होने से नाराज रोजगार सहायक संघ ने 1 दिसंबर 2026 से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इस आंदोलन में प्रदेशभर के करीब 8 हजार रोजगार सहायकों के शामिल होने की संभावना है।

आंदोलन की तैयारियों को लेकर बेमेतरा जिले के मंडी प्रांगण में संघ के प्रांतीय आह्वान पर बैठक आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में रोजगार सहायक शामिल हुए और आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

तीन मांगों पर अड़ा रोजगार सहायक संघ

संघ की प्रमुख मांगों में रोजगार सहायकों को सम्मानजनक वेतनमान देना, सहायक सचिव का दर्जा देकर नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ग्राम पंचायत सचिव भर्ती में रोजगार सहायकों को शत-प्रतिशत अवसर देते हुए नियुक्ति प्रदान करना शामिल है।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि रोजगार सहायक लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और मनरेगा के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने में उनकी अहम भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित वेतन, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक पदनाम के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

रोजगार सहायक नरेंद्र वर्मा ने कहा कि गांव-गांव तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने और पंचायतों के कामकाज को गति देने में रोजगार सहायकों का महत्वपूर्ण योगदान है। इसके बाद भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।

30 नवंबर तक शासन को दिया समय

संघ ने शासन को 30 नवंबर तक मांगों पर सकारात्मक और ठोस निर्णय लेने का अल्टीमेटम दिया है। जिला अध्यक्ष मनोज गंधर्व के अनुसार, तय समयसीमा में मांगें पूरी नहीं होने पर 1 दिसंबर से प्रदेशभर के रोजगार सहायक अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। इसमें जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक के कर्मचारी शामिल होंगे।

आंदोलन में शामिल होंगे 8 हजार कर्मचारी

संघ के आंकड़ों के मुताबिक, बेमेतरा जिले में लगभग 350 और पूरे छत्तीसगढ़ में करीब 8 हजार रोजगार सहायक हैं। इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल होने से ग्राम पंचायतों में मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन और पंचायत स्तर के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है। अब देखना होगा कि शासन 30 नवंबर तक उनकी मांगों पर कोई फैसला लेता है या प्रदेश में 1 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू होता है।

You may also like